अल्मोड़ा। सल्ट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11.745 किलोग्राम गांजे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चीड़ की छाल के 38 बुरादे और 60 गुटकों के पैकेट भी बरामद किए गए हैं। तस्करी में प्रयुक्त कार को पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम झड़ गांव से करीब एक किलोमीटर पहले बैण्ड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फोर्ड ईको स्पोर्ट्स कार संख्या HR10-AB-4777 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार शुभम सिंह रावत (23) के पास से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट और भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार युवक सल्ट के ग्वाली गांव का निवासी है और वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। पुलिस गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े स्रोतों की जांच कर रही है।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
