रानीखेत हत्याकांड का खुलासा: दो माह पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, आरोपी कुछ ही घंटों में
गिरफ्तारअल्मोड़ा, 11 जुलाई। रानीखेत के ऐना गांव में 20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या के मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन (हथौड़ा) और चाकू भी बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दो माह पहले हुई कहासुनी की रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की रात मजखाली चौकी क्षेत्र के ऐना गांव में युवक की हत्या और दो महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली रानीखेत पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला स्वयं मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर लोहे के घन और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया।
दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसएसपी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी जगत सिंह बोरा (35 वर्ष), निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह में उसके दोस्त और मृतक के बीच विवाद हुआ था।
उसी विवाद की रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
#Ranikhet #Almora #CrimeNews #MurderCase #UttarakhandPolice #BreakingNews #AKFastNews
