देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आयोग ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
आयोग के अनुसार नैनीताल जिले में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव तथा चारधाम यात्रा के चलते कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। वहीं 13 और 14 जून को वीकेंड होने के कारण पर्यटन स्थलों पर भी वाहनों की संख्या अधिक रहने की संभावना है।
ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचने तथा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लेने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयोग ने अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सभी जनपदों के पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति या मार्ग संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित जनपद के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

