दीपावली पर्व के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में डीडीहाट क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर एक बस को सीज कर दिया गया।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए परिवहन विभाग ने वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान और सीज की कार्रवाई की जा रही है।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। बीते माह जनपद में प्रवर्तन टीम ने अभियान चलाकर 612 वाहनों के चालान किए, जबकि 14 वाहनों को सीज किया गया। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
विभाग की ओर से विशेष रूप से ओवरलोडिंग, तेज गति, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। एआरटीओ प्रवर्तन ने आमजन से अपील की कि दीपावली का त्योहार सुरक्षित तरीके से मनाएं और वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, तेज गति और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें। साथ ही वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की फिटनेस, ब्रेक, टायर और लाइट की जांच करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।
अभिभावकों से भी नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने का आग्रह किया गया।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
