अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके द्वारा आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात को सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए समस्त थाना/चौकी प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा क्षेत्र में सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों एवं यातायात पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग, गश्त एवं होटल-रेस्टोरेंट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
दीपावली पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जनपद में संदिग्ध गतिविधियों एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निम्न कार्यवाहियां की जा रही हैं—
🔹 प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग: जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि कोई संदिग्ध या आपराधिक तत्व जनपद में प्रवेश न कर सके।
🔹 संदिग्धों पर निगरानी: संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की तलाश के साथ ही रात्रि गश्त के दौरान संदिग्धों से पूछताछ एवं तलाशी ली जा रही है।
🔹 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन: जनपद में निवासरत बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले व्यक्तियों तथा बिना सत्यापन किरायेदार एवं मजदूर रखने वाले मकान मालिकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
🔹 होटल-रेस्टोरेंट चेकिंग: होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रतिष्ठानों में चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
🔹 अराजक तत्वों पर नजर: मनचलों एवं अराजक तत्वों पर पुलिस की सतर्क दृष्टि है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
🔹 सोशल मीडिया मॉनिटरिंग: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी भ्रामक या अराजक गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
त्योहारी सीजन में बढ़ते यातायात दबाव एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के दृष्टिगत चलाए जा रहे अभियान के दौरान अल्मोड़ा पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 198 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई व 04 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 24 बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार एवं मजदूर रखने वाले मकान मालिकों की भी जांच की जा रही है।अल्मोड़ा पुलिस द्वारा अपील की गयी है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें, अपने किरायेदारों एवं श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
