आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर नज़र आ रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद की निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही बैठक के दौरान सभी उपजिलाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति, उनके कार्यों की निगरानी तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान केंद्रों के सत्यापन के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर करने तथा बीएलओ से संबंधित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तर पर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र एवं उपजिलाधिकारी संजय कुमार उपस्थित रहे। जनपद के अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
