धौलछीना में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, नौनिहालों ने दिखाया दमखम
अल्मोड़ा के भैंसियाछाना ब्लॉक की प्रारंभिक शिक्षा की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 16 सितंबर को जीआईसी धौलछीना के खेल मैदान में आयोजित हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप शिक्षा अधिकारी प्रशांत कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।प्रतियोगिता में प्राथमिक और जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला क्षेपण, चक्का क्षेपण, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
खिलाड़ियों ने खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शपथ लेकर प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया।प्राथमिक वर्ग की कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताओं में लिंगुणता न्याय पंचायत की टीम ने बालक वर्ग में जीत दर्ज की, जबकि बालिका कबड्डी में न्याय पंचायत पल्यू की टीम विजेता रही।
वहीं जूनियर वर्ग में कबड्डी के दोनों वर्गों में लिंगुणता न्याय पंचायत विजेता रही। खो-खो के दोनों वर्गों में न्याय पंचायत पाण्डेयतोली की जूनियर हाईस्कूल चंद्रकोट टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल नियमों का पालन करने और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के बाद विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में जीआईसी धौलछीना के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह मेहरा, डायट के अशोक बनकोटी सहित शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ब्लॉक खेल समन्वयक हरि मेहता समेत शिक्षकों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#Almora #DhaulaChhina #BhaisiyaChhana #SportsCompetition #SchoolSports #UttarakhandNews #AlmoraNews #EducationNews #SportsNews
