उदय शंकर की विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल, सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला शुरू
अल्मोड़ा, 14 सितंबर। पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, संस्कृति विभाग, उत्तराखंड की ओर से गुरु उदय शंकर की स्मृति एवं उनकी कलात्मक विरासत को समर्पित सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में हुआ।
कार्यशाला का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को रंगमंच और फिल्म निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना तथा ऐतिहासिक अकादमी को सक्रिय सांस्कृतिक एवं कलात्मक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
कार्यशाला में 40 प्रतिभागी शामिल हैं। सात दिनों तक प्रतिभागियों को रंगमंच तकनीक, अभिनय, दृश्य-रचना, चरित्र निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, कैमरा, फिल्म निर्माण और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में वरिष्ठ अभिनेता एवं दून विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर कैलाश कांडवाल, एनएसडी के पूर्व छात्र शुभम शर्मा तथा अभिनेता-निर्देशक अभिषेक डोभाल प्रशिक्षक के तौर पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य गुरु उदय शंकर की कलात्मक दृष्टि को नई पीढ़ी से जोड़ना और पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही वर्ष 1938 में स्थापित उदय शंकर अकादमी को निरंतर कला-शिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।कार्यशाला का समापन 20 सितंबर को दोपहर 2 बजे उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा। इसमें प्रतिभागी सात दिनों में सीखी गई विधाओं और तैयार प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा की ओर से शास्त्रीय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू एवं प्रसिद्ध कलाकार तनुश्री शंकर तथा कोलकाता से आने वाले उनके दल की विशेष समापन प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग—जयंती खाती — निदेशक, पं गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा , कैलाश कांडवाल — वरिष्ठ अभिनेता एवं सहायक प्रोफेसर, दून विश्वविद्यालय शुभम शर्मा — एनएसडी के पूर्व छात्र अभिषेक डोभाल — अभिनेता एवं निर्देशक हिमांशु धरमोरा — कार्यक्रम क्यूरेटर एवं गायक चंचल तिवारी — प्रभारी प्रधानाचार्य, भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा ,डॉ. सी.एस. चौहान जनमेजय तिवारी — कार्यक्रम में उपस्थितमीता उपाध्याय — कार्यक्रम संचालक ,अलावा यूसुफ तिवारी, दीपा गुप्ता, मनोज गुप्ता, रविन्द्र बिष्ट, ममता जीना, राजेंद्र नयाल, हरिंदर नेगी, सूरज सिरारी, रविन्द्र अधिकारी, सुंदर लाल, प्रमोद कुमार एवं विमला सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
