अल्मोड़ा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस प्रशिक्षुओं ने अपने मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। इस संबंध में इंटर्न्स ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर उनकी मांग को रखने का आग्रह किया।इंटर्न्स ने कहा कि एमबीबीएस की साढ़े चार वर्ष की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अस्पताल में एक वर्ष की इंटर्नशिप कर रहे हैं।
इंटर्नशिप के दौरान वे मरीजों की देखभाल से लेकर अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्तमान में 17 हजार रुपये प्रतिमाह ही स्टाइपेंड मिल रहा है।
इंटर्न्स के मुताबिक बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा स्टाइपेंड से दैनिक जरूरतों और आने-जाने समेत अन्य खर्चों का प्रबंधन करना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में एमबीबीएस इंटर्न्स को इससे अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है।
ऐसे में उत्तराखंड में भी स्टाइपेंड की राशि को बढ़ाया जाना जरूरी है।
ज्ञापन के माध्यम से प्राचार्य से अनुरोध किया गया कि इंटर्न्स की मांग पर सकारात्मक संस्तुति करते हुए इसे उत्तराखंड शासन, निदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के समक्ष भेजा जाए।
साथ ही उत्तराखंड में एमबीबीएस इंटर्न्स के लिए कम से कम 30 हजार रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड निर्धारित किए जाने की संस्तुति शासन को भेजने की मांग की गई। इंटर्न्स ने कहा कि स्टाइपेंड में बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और वे अपनी इंटर्नशिप की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में रक्षित देवड़ी, फलक जोशी, आदित्य धामी, फैज आलम, अवंतिका सिंह सहित अन्य इंटर्न्स मौजूद रहे।
