ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता में मिलेगा 50 हजार तक का पुरस्कार
अल्मोड़ा, 17 अगस्त 2026। डाक विभाग की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘ढाई आखर अभियान’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “एक चिट्ठी धरती माँ के नाम: प्रकृति की रक्षा मेरा वादा” रखा गया है।प्रतियोगिता में पत्र हिंदी, अंग्रेजी अथवा स्थानीय/क्षेत्रीय भाषा में लिखा जा सकता है।
प्रतियोगिता 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। इसमें 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए अंतर्देशीय पत्र एवं लिफाफा वर्ग रखे गए हैं।लिफाफा वर्ग में ए-4 आकार के कागज पर अधिकतम 1000 शब्द, जबकि अंतर्देशीय पत्र कार्ड वर्ग में अधिकतम 500 शब्द लिखे जा सकते हैं। केवल हस्तलिखित पत्र ही स्वीकार किए जाएंगे।
प्रतिभागी नजदीकी डाकघरों से अंतर्देशीय पत्र और लिफाफे प्राप्त कर सकते हैं। डाक टिकट लगा लिफाफा अथवा अंतर्देशीय पत्र ही प्रतियोगिता के लिए मान्य होगा।राज्य स्तर पर प्रत्येक वर्ग में तीन उत्कृष्ट पत्रों का चयन किया जाएगा।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹25,000, द्वितीय ₹10,000 और तृतीय ₹5,000 दिया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों के पत्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजे जाएंगे, जहां प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹25,000 और तृतीय ₹10,000 प्रदान किया जाएगा।
#Almora #AlmoraNews #UttarakhandNews #DakVibhag #LetterWritingCompetition #DhaiAkharAbhiyan #NationalLetterWritingCompetition #AlmoraKumaunFastNews
