अल्मोड़ा: महिला कल्याण संस्था ने सावन मेले की तैयारियां शुरू कीं, 12-13 अगस्त को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
अल्मोड़ा में महिला कल्याण संस्था द्वारा सावन मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को नंदा देवी स्थित संस्था कार्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक टीमों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भजनों के साथ हुई।बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन मेला 12 एवं 13 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
मेले के प्रथम दिवस सिद्ध नौला मंदिर से जल लेकर नंदा देवी मंदिर तक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा, जिसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सेली सजाओ, दुल्हन बनो, सावन गीतों पर डांस तथा कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में निर्णायक प्रतिभागियों से विषय से संबंधित प्रश्न भी पूछेंगे।
कुमाऊंनी व्यंजन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को मोटे अनाज से बने विभिन्न पारंपरिक व्यंजन घर से तैयार कर लाने होंगे। इसके अलावा मेले में महिलाओं द्वारा विभिन्न खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनसे होने वाली आय महिलाओं की स्वयं की आय होगी।
बैठक की अध्यक्षता रीता दुर्गापाल ने की, जबकि संचालन मीता उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर संस्था की आशा कर्नाटक, आशा पंत, रीता जोशी, इंदिरा लोहानी, दीपा जोशी, ममता चौहान, अंजू अग्रवाल, चंद्रा अग्रवाल, गीता शाह, राधिका जोशी, मंजू रावत, सरला बिष्ट, रमा जोशी, अनीता रावत सहित बड़ी संख्या में संस्था की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
