अल्मोड़ा, 4 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनपद अल्मोड़ा में शनिवार को सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम पर सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ। मल्ला महल में आयोजित जनपद स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर में 971 लोगों ने विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया।

यह अभियान 4 जुलाई से 18 जुलाई तक पूरे जनपद में चलेगा।शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीकरण, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

बाल विकास विभाग ने दो पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 30 बालिकाओं का निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण किया गया। समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांग एवं पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण भी वितरित किए।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में छह लोगों ने रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सेवा भाव से कार्य कर रही है और विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिविर में पूरी संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, कुंदन सिंह लटवाल, अनिल सिंह साही, महेश नयाल, नीमा आर्य, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

#Almora #SevaPakhwada #PushkarSinghDhami #AnshulSingh #Uttarakhand #AlmoraNews #UttarakhandNews #GovernmentSchemes
