अल्मोड़ा। वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत बुधवार, 7 अक्टूबर को सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा की ओर से हरीदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज, चितई में वन्यजीव संरक्षण को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण और मानव जीवन में उनके महत्व की जानकारी दी गई।इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र मेहरा, वन दरोगा इंद्रा मर्तोलिया, वन बीट अधिकारी नरेंद्र सिंह बिष्ट और दीपा जोशी ने विद्यार्थियों को वन्यजीव सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 11 की मान्या आर्या ने प्रथम, कक्षा 10 की रश्मि आर्या ने द्वितीय और कक्षा 10 की आयुषी आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10 की महिमा आर्या प्रथम, कक्षा 7 की दीपांशी आर्या द्वितीय और कक्षा 8 के आयुष आर्या तृतीय स्थान पर रहे।कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को विभिन्न पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#WildlifeWeek #WildlifeConservation #Almora #Uttarakhand #ForestDepartment #WildlifeProtection #Environment #News
