अल्मोड़ा में ज्वैलरी शॉप से चांदी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा के जौहरी बाजार स्थित रूद्रा इंटरप्राइजेज ज्वैलरी शॉप से चांदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई शत-प्रतिशत सामग्री बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की रात ज्वैलरी शॉप से पुरानी चैनपट्टी, शुद्ध चांदी, चांदी के आभूषण समेत तांबे और जस्ते के टुकड़े चोरी किए गए थे। दुकान स्वामी हनुमंत सावंत की तहरीर पर 1 अक्टूबर को कोतवाली अल्मोड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से 2 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को अल्मोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सार्की (21 वर्ष), पुत्र डिल्ली सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खुलालू, जिला कालीकोट, नेपाल और नेत्र सार्की (20 वर्ष), पुत्र जीता सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खलालू, जिला कालीकोट, नेपाल के रूप में हुई है।आरोपियों की निशानदेही पर 482 ग्राम शुद्ध चांदी, 497 ग्राम चांदी से निर्मित आभूषण, चांदी की सिल्ली पर लगने वाली एक मुहर, तांबा, 148 ग्राम कैडमियम और जस्ते के टुकड़े बरामद किए गए।
बरामद आभूषणों में माला, लक्ष्मी की मूर्ति, पायल, धागुले, छल्ला, छत्र, बिछुए और सफेद धातु का टूटा पेंडल शामिल हैं।पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की है।
#Almora #AlmoraPolice #CrimeNews #TheftCase #UttarakhandPolice #AlmoraNews #BreakingNews
