हल्द्वानी/अल्मोड़ा:उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के मैचुन (मनिआगर) गांव की बेटी नेहा बनौला ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 22 अप्रैल 2026 को देहरादून में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें MCA (Master of Computer Applications) में टॉप करने पर माननीय राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
नेहा को न सिर्फ गोल्ड मेडल मिला, बल्कि आम्रपाली ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2025-26’ अवार्ड से भी नवाजा गया।
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा ABM पब्लिक स्कूल (लामाचौड़) से और स्नातक की पढ़ाई SSJ कैंपस (अल्मोड़ा) से पूरी की।साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली नेहा के पिता श्री राजेंद्र सिंह बनौला किसान हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।
चार भाई-बहनों में सबसे छोटी नेहा ने अपनी पढ़ाई का सफर अपने चाचा-चाची के संरक्षण में रहकर पूरा किया।
अपनी सफलता का श्रेय नेहा ने अपने दादा-दादी, माता-पिता, चाचा-चाची और गुरुजनों को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव मैचुन (मनिआगर) सहित हल्द्वानी क्षेत्र में खुशी की लहर है।
