अल्मोड़ा। नगर की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और खाली पड़े स्थानों का सदुपयोग करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को मेयर अजय वर्मा के साथ नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर सफाई, रखरखाव और प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में गंदगी और खाली पड़े स्थानों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा। उन्होंने खाली स्थानों के उपयोग के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और नगर के अन्य क्षेत्रों में भी गंदगी एवं अव्यवस्था को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी जहां कहीं खाली स्थानों में गंदगी अथवा अव्यवस्था की स्थिति है, उसे तत्काल दूर किया जाए। पार्किंग स्थलों की सफाई, रखरखाव एवं प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के साथ थपलिया क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां नगर निगम क्षेत्र में अतिरिक्त पार्किंग स्थल और ऑडिटोरियम के निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थानों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ संभावित स्थलों की उपयुक्तता पर चर्चा करते हुए आवश्यक संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम एवं संबंधित विभागों द्वारा निरंतर आवश्यक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर में यातायात एवं पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है,
ताकि भविष्य में बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें। भ्रमण के दौरान पार्षद कैलाश गुरुरानी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
