अल्मोड़ा दो माह से खाली है जिला अस्पताल में फिजिशियन का पद, भाजपा के दावे फिर साबित हुए हवा-हवाई: वैभव पांडे
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में करीब दो माह से फिजिशियन की तैनाती नहीं होने को लेकर कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह पहले भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति कर दी जाएगी, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी अस्पताल में फिजिशियन की तैनाती नहीं हुई है।
वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से एक सप्ताह का वादा किया था, अब जनता उनसे पूछ रही है कि आखिर वह एक सप्ताह कब आएगा? उन्होंने कहा कि अस्पताल को डॉक्टर की जरूरत है, बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस की नहीं।उन्होंने आरोप लगाया कि फिजिशियन का पद लंबे समय से खाली होने के कारण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए परेशान होना पड़ रहा है और कई मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार और भाजपा नेता वास्तव में गंभीर हैं तो उन्हें मुलाकातों और दावों की जानकारी देने के बजाय यह स्पष्ट करना चाहिए कि फिजिशियन की नियुक्ति कब तक होगी।उन्होंने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए। श्रेय लेने की राजनीति से मरीजों का इलाज नहीं होता। यदि जल्द फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
