देहरादून। उत्तराखंड में आगामी दो दिनों तक मौसम बिगड़ने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून ने 1 और 2 जुलाई 2026 को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भी भारी वर्षा का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, तेज बारिश तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।2 जुलाई को भी देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड में रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही सड़क बाधित होने पर तुरंत मार्ग खोलने, सभी अधिकारियों के मोबाइल और संचार व्यवस्था सक्रिय रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है।प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर मौसम के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाने, विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों में नालियों की सफाई कराने और मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क करें।
#Uttarakhand #WeatherAlert #HeavyRain #OrangeAlert #IMD #SEOC #DisasterManagement #Dehradun #Bageshwar #Nainital #Pithoragarh #Chamoli #Tehri #Pauri #UttarakhandNews #BreakingNews
