देहरादून। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित रैतिक परेड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य पुलिस बल के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर प्रदेश के सभी पुलिस कर्मियों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा।

साथ ही, पुलिस आवासीय भवन निर्माण के लिए आगामी तीन वर्षों तक 100 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, एसडीआरएफ के जवानों के लिए पांच नई बैरिकों का निर्माण किया जाएगा तथा पुलिस कल्याण कोष की राशि ढाई करोड़ से बढ़ाकर साढ़े चार करोड़ रुपये कर दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कर्तव्य पालन के दौरान बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी हैं,
बल्कि उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों से भी सटी हुई हैं, जिससे यह क्षेत्र भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील बन जाता है। उन्होंने कहा, राज्य की शांति और सुरक्षा बनाए रखने में हमारे पुलिस कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी राज्य की पुलिस उसकी सुरक्षा और समृद्धि की रीढ़ होती है।
