रुद्रप्रयाग/चमोली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार सुबह पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदार के दर्शन व रुद्राभिषेक पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विश्व शांति, मानवता के कल्याण और उत्तराखंड के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की।

धाम पहुंचने पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने राज्यपाल का वीआईपी हैलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान से राज्यपाल का स्वागत किया। दर्शन के बाद राज्यपाल ने कहा कि केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है, यहां पहुंचते ही आत्मा को अद्भुत शांति और भक्ति का अनुभव होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। केदारनाथ दर्शन के पश्चात राज्यपाल बदरीनाथ धाम पहुंचे और वहां भगवान विष्णु के दर्शन कर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
