गुजरात। दीपावली से पहले भाजपा आलाकमान ने गुजरात की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए मंत्रिमंडल पुनर्गठन का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आलावा राज्य सरकार के सभी 16 मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, नया मंत्रिमंडल शुक्रवार सुबह गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में शपथ लेगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और संगठन महामंत्री सुनील बंसल उपस्थित रहेंगे। आगामी निकाय चुनावों से पहले भाजपा का यह कदम राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पार्टी ने एक बार फिर यह दिखाया है कि वह समय-समय पर नए चेहरों को मौका देने से नहीं हिचकती। इससे पहले वर्ष 2021 में भी तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उनकी पूरी टीम ने पद छोड़ दिया था, जिसके बाद भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

