देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न जनपदों में बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की गई है।29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।30 और 31 मई के लिए प्रदेशभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली के खंभों, पेड़ों व कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।
