अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 29 नवंबर को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के मद्देनजर परगना मजिस्ट्रेट सदर सीमा विश्वकर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके लिए अल्मोड़ा नगर में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय पॉलीटेक्निक पातालदेवी, एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज, विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम, रैमजे इंटर कॉलेज और पीएमश्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, अस्त्र-शस्त्र, आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार, लाठी-डंडे लेकर चलने तथा ईंट-पत्थर एकत्र करने पर रोक रहेगी। इसके अलावा अपमानजनक भाषा का प्रयोग, भड़काऊ नारेबाजी, बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल और भाषण देना भी प्रतिबंधित किया गया है।प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक लगाई है।
हालांकि यह प्रतिबंध परीक्षार्थियों, परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों और शांति व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों पर लागू नहीं होगा। वहीं सुरक्षा बलों, ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों तथा शारीरिक रूप से दिव्यांग एवं अशक्त व्यक्तियों को लाठी-डंडे संबंधी प्रतिबंध से नियमानुसार छूट दी गई है। यह आदेश 29 नवंबर को परीक्षा की निर्धारित अवधि तक प्रभावी रहेगा।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
