अल्मोड़ा। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने और विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसी कड़ी में अल्मोड़ा जिले में भी मॉक ड्रिल की तैयारियां पूरी करने को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में अपनी तैयारियों को परखने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग बेहद जरूरी होता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए और जहां भी कमियां सामने आएं, उन्हें तत्काल चिह्नित कर दूर करने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अभ्यासों का मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय जनहानि को कम करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संचालित करना है।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, संभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
