रानीखेत। रानीखेत क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरिधार से करीब एक किलोमीटर नीचे मोहान की ओर जा रहा एक कैंटर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने चालक का शव खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:18 बजे फायर स्टेशन रानीखेत को डायल 112 के माध्यम से कैंटर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वाहन सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ मिला।
दुर्घटना के बाद फायर यूनिट ने रात में ही खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण चालक का पता नहीं चल पाया। इसके बाद सुबह पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया। लंबे प्रयासों के बाद टीम ने चालक का शव खाई से बरामद कर सड़क तक पहुंचाया।मृतक की पहचान हीरा सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग, जनपद चमोली के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में फायर स्टेशन रानीखेत के एलएफएम नरेश जोशी, उमेश चंद गौड़, चालक दयाधर ध्यानी और फायरमैन दिनेश सिंह शामिल रहे।
