अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर काचुला पुल के पास गुरुवार दोपहर एक आई 10 वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन अल्मोड़ा से नाचनी की ओर जा रहा था और उसमें तीन लोग सवार थे। दुर्घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। हादसे में कुंदन सिंह (70 वर्ष), पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी नाचनी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।वहीं गणेश कुमार (32 वर्ष), पुत्र भोपाल राम तथा भूपेंद्र प्रसाद (25 वर्ष), पुत्र दीवान राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए बाड़ेछीना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
