अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत तड़के सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना सत्यापन मजदूर रखने वाले 4 ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹20,000 का चालान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद भर में बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोरनौला और जैंती चौकी क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान करीब 45 बाहरी व्यक्तियों और मकान मालिकों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि 4 ठेकेदार बिना पुलिस सत्यापन के मजदूर रखे हुए थे, जिस पर प्रत्येक के खिलाफ ₹5,000 का चालान किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को रखना दंडनीय अपराध है और आमजन से अपील की गई कि वे समय पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराएं।
