अल्मोड़ा। माल गांव के लिए सोमवार का दिन गर्व और खुशी का रहा। गांव निवासी रजत सिंह बिष्ट, पुत्र किशन सिंह बिष्ट, ने आर्मी लेफ्टिनेंट की कठिन ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद अपने गांव लौटकर क्षेत्र का मान बढ़ाया।
रजत के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान 50 से अधिक पूर्व सैनिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ रजत का स्वागत किया। ग्रामीणों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।रजत सिंह बिष्ट की सफलता को ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार की खुशी नहीं है, बल्कि उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो देश की सेवा करने का सपना देखते हैं।रजत की मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे ने गांव के युवाओं के सामने एक मिसाल कायम की है। ग्रामीणों का कहना है कि रजत की सफलता से आने वाली पीढ़ी के युवाओं को भी सेना में जाने और देश की सेवा करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
