अल्मोड़ा के ध्रुव रावत ने जीता स्वर्ण पदक
लागोस इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का बढ़ाया गौरव
अल्मोड़ा के बैडमिंटन खिलाड़ी ध्रुव रावत ने नाइजीरिया के लागोस में आयोजित 9वें लागोस इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के मिश्रित युगल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
26 से 29 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में ध्रुव रावत और उनकी जोड़ीदार मनीषा ने नाइजीरिया की बाबतुंदे व अदेकुंले की जोड़ी को 21-14, 21-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में ध्रुव और मनीषा ने भारत की सात्विक रेड्डी व राधिका की जोड़ी को 21-17, 17-21 और 16-11 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
ध्रुव की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, चीफ कोच डी.के. सेन तथा जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्जौन, डी.के. जोशी और नंदन रावत सहित संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने खुशी जताई।
सभी ने ध्रुव रावत और उनके माता-पिता को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
