द्वाराहाट में बहुउद्देशीय शिविर, 1150 से अधिक लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
द्वाराहाट में बहुउद्देशीय शिविर, 1150 से अधिक लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभअल्मोड़ा, 10 जुलाई। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड द्वाराहाट के गोलूछाना में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 1150 से अधिक लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आधार नामांकन एवं संशोधन, श्रम कार्ड निर्माण समेत कई सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने तीन लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, डेयरी विकास विभाग ने छह पशुपालकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट, जबकि मत्स्य विभाग ने दो लाभार्थियों को एक लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि के स्वीकृति चेक वितरित किए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके घर के निकट ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।शिविर में कुल 96 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इस अवसर पर बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिला रही है और ऐसे बहुउद्देशीय शिविर आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.एन. तिवारी, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
