अल्मोड़ा। जनपद में औषधियों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत क्रय-विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 27 जून 2026 को ड्रग इंस्पेक्टर अल्मोड़ा श्रीमती पूजा जोशी ने रानीखेत क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मेडिकल स्टोरों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और नियमावली के प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई। जांच में अनियमितताएं मिलने पर एक औषधि अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।इसके अलावा तीन औषधि प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनकी दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
संबंधित प्रतिष्ठानों को लाइसेंस की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।विभाग ने प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता, औषधियों के विधिसम्मत क्रय-विक्रय, आवश्यक अभिलेखों के संधारण और औषधि नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
FDA विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#Almora #Ranikhet #FDA #DrugInspector #MedicalStore #FoodSafety #DrugAdministration #UttarakhandNews #HealthNews #BreakingNews
