अल्मोड़ा। जिले में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक युवक को डूबता देख उसका दोस्त उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों ही जिंदगी की जंग हार गए।जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे थाना सोमेश्वर पुलिस को सूचना मिली कि कोसी-सोमेश्वर मार्ग पर देवस्थल के पास दो युवक नदी में डूब गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26 वर्ष) पुत्र स्व. लछम सिंह कनवाल, निवासी दुगालखोला अल्मोड़ा और धीरज सिंह गढ़िया पुत्र गोपाल सिंह, मूल निवासी बागेश्वर, वर्तमान निवास मोटाहल्दू हल्द्वानी के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ कोसी नदी में नहाने गए थे।
इसी दौरान सोनू गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। अपने दोस्त की जान बचाने के लिए धीरज तुरंत नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव और गहराई का सामना नहीं कर सका। देखते ही देखते दोनों नदी में समा गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर एंबुलेंस के माध्यम से बेस अस्पताल पहुंचाया। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
#Almora #KosiRiver #Someshwar #UttarakhandNews #AccidentNews #BreakingNews
