अल्मोड़ा। जिला योजना बैठक से पूर्व सदस्यों का चयन न किए जाने पर अल्मोड़ा नगर निगम के कुछ पार्षदों ने नाराजगी जताई है। पार्षदों के एक शिष्टमंडल ने प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को पत्र सौंपकर नगर निकाय प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की।पार्षदों का कहना है कि जिला योजना की बैठक जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का महत्वपूर्ण मंच होती है। ऐसे में बिना सदस्यों का चयन किए बैठक आयोजित किया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भावना के विपरीत है।उन्होंने कहा कि संविधान के 74वें संशोधन तथा जिला योजना समिति की व्यवस्था के तहत नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि प्रत्येक क्षेत्र की समस्याएं प्रभावी ढंग से जिला योजना में रखी जा सकें।पार्षदों ने मांग की कि जिला योजना बैठक से पूर्व पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए सदस्यों का चयन किया जाए, जिससे नगर निगम प्रतिनिधियों को भी जनता की आवाज उठाने का अवसर मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
