अल्मोड़ा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिषद की ओर से परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया गया है, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार हाईस्कूल स्तर पर छात्र अधिकतम दो विषयों में परीक्षा परिणाम सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं, जबकि इंटरमीडिएट स्तर पर छात्र केवल एक विषय में आवेदन कर सकेंगे, जिसमें वे अनुत्तीर्ण हुए हों या अपेक्षित अंक प्राप्त नहीं कर पाए हों।छात्र-छात्राएं 20 मई तक अपने विद्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
इसके बाद विद्यालयों की ओर से आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। परिषद ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
