अल्मोड़ा, । जनपद में पर्यटन गतिविधियों को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं, आधारभूत ढांचे के विकास, प्रचार-प्रसार रणनीतियों और रोजगार सृजन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कोसी बैराज क्षेत्र में जल क्रीड़ाओं (वाटर स्पोर्ट्स) को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में झांकर सैम मंदिर के निकट प्रस्तावित ईकोलॉज हट्स, भत्तरोजखान अतिथि गृह और मल्ला महल को हेरिटेज वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। मल्ला महल में वेडिंग, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए प्रति कार्यक्रम 80 हजार रुपये शुल्क तय करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा जागेश्वर धाम मास्टर प्लान के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाबद्ध प्रयासों से अल्मोड़ा को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा।
#Almora #Tourism #Uttarakhand #WaterSports #JageshwarDham #Mallamahal #HeritageTourism #DistrictMagistrate #TourismDevelopment
