अल्मोड़ा के रानीखेत में बड़ा सड़क हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, एक की मौत और दो घायलअल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आई है। हरड़ा गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान वाहन में तीन लोग सवार थे।
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।घटना की सूचना 11 अक्टूबर 2026 को फायर स्टेशन रानीखेत को MDT और DCR के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या UK04TA0441 गहरी खाई में गिरा हुआ है। इसके बाद फायर रेस्क्यू एवं राहत यूनिट रानीखेत और अल्मोड़ा, एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
संयुक्त रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायल व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया।वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले आनंद राम के शव को स्ट्रेचर पर बांधकर रस्सियों की मदद से खाई से सड़क तक लाया गया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भेज दिया गया।
हादसे में मृतक की पहचान आनंद राम, पुत्र डुंगर राम, निवासी हरड़ा, ब्लॉक ताड़ीखेत, तहसील रानीखेत, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
वहीं, घायलों की पहचान कैलाश चंद्र, पुत्र चनी राम और किशोर राम, पुत्र जीवन राम, दोनों निवासी हरड़ा गांव, ब्लॉक ताड़ीखेत, तहसील रानीखेत, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में फायर स्टेशन रानीखेत के एफएसएसओ गणेश चंद्र, एलएफएम प्रमोद सिंह, एफएस डीवीआर रमेश सिंह और फायरमैन देवेंद्र सिंह एवं भास्कर चंद्र सहित बचाव दल के सदस्यों ने भाग लिया।फिलहाल इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
