अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र के महत्वपूर्ण एलआर साह मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त दीवार के निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड अल्मोड़ा के अधिशासी अभियन्ता हर्षित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्ग पर क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य 18 मई 2026 को प्रातः 9 बजे से शुरू किया जाएगा। कार्य को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए मार्ग पर चौपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध 18 मई से 27 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार निर्माण कार्य में लगभग 10 दिन का समय लगने की संभावना है। विभाग ने बताया कि मार्ग की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी से अनुमति एवं सहमति भी प्राप्त कर ली गई है।प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
वहीं स्थानीय लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
