अल्मोड़ा में आयोजित नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में भाजपा पदाधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जो सरकारी और राजनीतिक भूमिकाओं की मर्यादा के विपरीत है।
भोज ने कहा कि सरकारी नियुक्तियां संविधान, कानून और निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत संबंधित विभागों द्वारा दी जाती हैं। नियुक्ति पत्र किसी राजनीतिक दल की उपलब्धि नहीं, बल्कि चयनित अभ्यर्थियों की मेहनत और योग्यता का परिणाम होते हैं।
ऐसे कार्यक्रमों का राजनीतिक प्रचार के लिए उपयोग करना युवाओं के सम्मान के साथ अन्याय है।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह सरकारी कार्यक्रम था तो नियुक्ति पत्र केवल अधिकृत सरकारी अधिकारियों द्वारा ही वितरित किए जाने चाहिए थे। यदि भाजपा पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी गई थी, तो सरकार स्पष्ट करे कि किस सरकारी आदेश या किस संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधान के तहत उन्हें यह अधिकार दिया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और संगठन के बीच की सीमाओं को समाप्त करने का प्रयास कर रही है तथा सरकारी योजनाओं और नियुक्तियों का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं और नियुक्तियां जनता के टैक्स के पैसे से संचालित होती हैं, किसी राजनीतिक दल के संसाधनों से नहीं।भूपेन्द्र सिंह भोज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से पूरे मामले पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मंत्री यह स्पष्ट करें कि उनकी उपस्थिति में भाजपा नेताओं को किस संवैधानिक अधिकार, किस सरकारी आदेश और किस हैसियत से सरकारी नियुक्ति पत्र बांटने की अनुमति दी गई। यदि ऐसा बिना किसी वैधानिक अधिकार के हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
#Almora #Congress #BhupendraSinghBhoj #DhansinghRawat #Uttarakhand #TeacherRecruitment #GovernmentJobs #BJP #AKFastNews
