


आज ऐतिहासिक अल्मोड़ा कारागार परिसर में आज शुक्रवार को बड़ी धूम धाम से अगस्त क्रांति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नेहरू वार्ड में पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर का अनावरण कर किया गया। वहीं, द्वीप प्रज्वलित कर उपस्थित गणमान्यों द्वारा अगस्त क्रांति के वीर शहीदों को नमन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन गिरीश मल्होत्रा द्वारा किया गया। इस दौरान जेल परिसर में सभी के द्वारा जवाहर लाल नेहरू समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। ऐतिहासिक अल्मोड़ा जेल में जवाहर लाल नेहरू, बद्रीदत्त पांडे, हरगोविंद पंत, सैयद अली जहीर, खान अब्दुल गफ्फार खान, दुर्गा सिंह रावत समेत अन्य क्रांतिकारी नेता निरुद्ध रहे थे।

कार्यक्रम में ग्रेस हाई स्कूल के बच्चों द्वारा सुंदर प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोहित किया गया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य तथा भाषण के माध्यम से समा बांधा।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा –
भारत छोड़ो आंदोलन की याद में यह अगस्त क्रांति दिवस प्रतिवर्ष मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी के सम्मान को बनाए रखने हेतु सभी नागरिकों को अपने अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, उनके आदर्शों का सम्मान करना चाहिए।
तहसीलदार अल्मोड़ा ज्योति धपवाल ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए बहुत से स्वतंत्रता सेनानियों ने बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारत छोड़ो आंदोलन की अगस्त क्रांति में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सैनानियों को याद करने का दिन है।
जेल अधीक्षक जयंत पांगती ने कहा –
आज परिस्थितियां पूर्व की अपेक्षा काफी बदल गई हैं। उन्होंने जेल के बारे में कहा कि यह बंदी गृह न होकर सुधार गृह है। यहां अपराधियों को स्वसुधार हेतु प्रेरित किया जाता है।
इस दौरान निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, वरिष्ठ प्राध्यापक बीडीएस नेगी, डे केयर संस्था के अध्यक्ष हेम चन्द्र जोशी समेत अन्य पदाधिकारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।