मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 3 नवंबर तक सक्रिय होने के आसार जताए गए हैं, जिसके बाद मौसम में बदलाव देखा जा सकता है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर के पहले पखवाड़े के बाद से प्रदेश में मौसम लगातार साफ बना हुआ है। इसके चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है और ठंड का असर कम महसूस हो रहा है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियां धीमी रहने से रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं देखी गई है।हालांकि पर्वतीय इलाकों में हल्की ठंडी हवाओं का असर दिखना शुरू हो गया है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। वहीं अक्टूबर में प्रदेश में सामान्य से 35% अधिक वर्षा दर्ज की गई, इसके बावजूद इन दिनों ठंड में कमी बनी हुई है।मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से गिरावट हो सकती है और सर्दी का असर बढ़ना शुरू होगा।

