देहरादून। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। एक से नौ नवंबर तक सभी जिलों में राज्यस्तरीय कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि उत्तराखंड ने पिछले 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन, सड़क और हवाई संपर्क के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में इन 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों के साथ आने वाले 25 वर्षों का विकास रोडमैप भी प्रदर्शित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों के सफल संचालन के निर्देश दिए। रजत जयंती के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनियां और विविध आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में श्रमिकों, किसानों, महिलाओं और पूर्व सैनिकों की भागीदारी को विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पांडेय, दीपेंद्र कुमार चौधरी, डॉ. सुरेंद्र नारायण पांडेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत और धीराज सिंह गर्ब्याल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
