रूद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में हो रही भारी बर्फबारी के कारण कुबेर एवं भैरव ग्लेशियर के पास ग्लेशियर टूटने से केदारनाथ यात्रा मार्ग आवाजाही हेतु बंद हो गया है। जिसके बाद केदारनाथ जा रहे चार यात्री ग्लेशियर में फंस गए, SDRF द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में उन्हें सकुशल बचा लिया गया है। जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग को खोलने के लिए डीडीएमए को निर्देश दिए हैं। ग्लेशियर टूटने से किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नही है।
एसडीआरएफ ने ग्लेशियर के बीच फंसे चार लोगों को किया रेस्क्यू
कुबेर एवं भैरव ग्लेशियर के पास ग्लेशियर टूटने से वहां चार लोग फंस गए। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक स्थानीय व्यक्ति ने SDRF टीम को बताया कि कुछ यात्री कुबेर ग्लेशियर में फंसे हुए हैं, जिसके बाद तुरंत टीम उन्हें बचाने के लिए रवाना हुई। SDRF टीम मुख्य आरक्षी संतोष रावत ने बताया, जब टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि चार व्यक्ति कुबेर ग्लेशियर के पास दोनों ओर से आये ताज़ा ग्लेशियर में फंस गए हैं। इसके बाद उन्हें बचाकर सुकशल सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बचाए गए यात्रियों के नाम चंदा बहादुर, शेर बहादुर, हरक बहादुर थापा और राम बहादुर है। ये चारों नेपाल के रहने वाले हैं।