जौलजीबी मेले में धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे राजनीतिक मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हल्द्वानी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं से जुड़े निंदनीय घटनाक्रम पर भाजपा नेताओं की चुप्पी और जौलजीबी प्रकरण को लेकर हंगामा करना उनकी दोहरी राजनीति को दर्शाता है।
वैभव पांडे ने कहा कि विधायक हरीश धामी अपनी विधानसभा धारचूला के सीमांत क्षेत्रों की जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद जब विधायक ने मंच से अपनी बात रखने का प्रयास किया तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने साउंड बंद करा दिया। यह एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान करने जैसा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि निर्वाचित विधायक अपनी विधानसभा की समस्याएं सरकार के सामने नहीं रख पाएंगे तो जनता की आवाज कौन उठाएगा? वैभव पांडे ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि को समझे बिना इसे केवल हंगामे और अनुशासनहीनता के रूप में प्रचारित करना उचित नहीं है। उन्होंने हल्द्वानी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को उस मामले पर भी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
राजनीतिक सुविधा के अनुसार किसी घटना को बड़ा और किसी को छोटा बताना उचित नहीं है। यदि भाजपा कानून, अनुशासन और मर्यादा की बात करती है तो उसे सभी मामलों में समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। वैभव पांडे ने कहा कि जौलजीबी मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। मेले की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन मंच पर जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना और उनकी बात सुनना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों पर संवाद कायम रहना चाहिए। उन्होंने मांग की कि हल्द्वानी की घटना पर निष्पक्ष कार्रवाई हो और जौलजीबी में विधायक हरीश धामी के साथ हुए घटनाक्रम की भी निष्पक्षता से जांच हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों की कमजोरी को दर्शाता है। जनता ने अपने प्रतिनिधियों को सवाल उठाने और समस्याएं सरकार तक पहुंचाने के लिए चुना है, इसलिए उनकी बात सुनने की परंपरा को मजबूत किया जाना चाहिए।
