अल्मोड़ा। रानीखेत के द्वारसों-मजखाली के बीच रविवार सुबह एक दिल्ली नंबर की कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 से 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही मजखाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान धीरज बिष्ट (42), निवासी पालम, दिल्ली और शुभम भट्ट (31), निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों आपस में जीजा-साले हैं और गाजियाबाद से बागेश्वर के घिघारतोला में पूजा में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने उन्हें मजखाली ले जाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई है।
