पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है।
साथ ही उन्होंने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में इस मेले का विशेष महत्व रहा है।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, लोक कलाकारों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की विशेष प्राथमिकता है।
इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और लोकसंस्कृति के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
वहीं कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत और नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।
