उत्तराखंड के पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का रविवार को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में अंतिम सांस ली। बेहद दुखद संयोग रहा कि जिस दिन उनका निधन हुआ, उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। डॉ. ललित पाण्डेय उन विशिष्ट व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने उच्च शिक्षा और विदेशों में बेहतर अवसर मिलने के बावजूद पहाड़ों में रहकर समाज सेवा का मार्ग चुना। आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वह वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौट आए और अपना पूरा जीवन उत्तराखंड के सामाजिक एवं ग्रामीण विकास के लिए समर्पित कर दिया। उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को विद्यालयों तक पहुंचाने, ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना, महिला सशक्तीकरण, जल एवं स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके प्रयासों से उत्तराखंड के सैकड़ों गांवों और समुदायों में सकारात्मक बदलाव आया। जमीनी स्तर पर उनके असाधारण सामाजिक योगदान को देखते हुए वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा। इसके अलावा उन्हें आईआईटी दिल्ली के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से भी सम्मानित किया गया था। डॉ. ललित पाण्डेय का निधन उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन और कार्यों से साबित किया कि पहाड़ों में रहकर स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर भी व्यापक सामाजिक परिवर्तन लाया जा सकता है। समाज के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
