अल्मोड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अल्मोड़ा पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की स्मैक बरामद की है।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली अल्मोड़ा और SOG की टीम ने लोधिया बैरियर के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया।
तलाशी में सौरभ बिष्ट के कब्जे से 10 ग्राम और रोहित कुमार के कब्जे से 6 दशमलव 44 ग्राम अवैध स्मैक यानी हेरोइन बरामद हुई। बरामद स्मैक की कुल कीमत करीब 4 लाख 93 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही स्मैक तस्करी के नेटवर्क और खरीद-फरोख्त के स्रोतों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
अल्मोड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
