अल्मोड़ा। नगर से सटे खत्याड़ी गांव निवासी और राष्ट्रीय स्तर की हॉकी व बेसबॉल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके अजय कनवाल का बाइक दुर्घटना में निधन हो गया। शनिवार शाम ब्राइट इंड कॉर्नर के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उनके निधन की खबर से नगर क्षेत्र और खेल जगत में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक अजय कनवाल शनिवार को व्रत रखते थे। इसी सिलसिले में वह शाम करीब सात बजे घर से बाजार स्थित शनि मंदिर जाने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ब्राइट इंड कॉर्नर के पास कच्चे रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त मिली। अजय बाइक के नीचे दबे हुए थे। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौके पर मौत हो चुकी थी।
अजय कनवाल खेलों के क्षेत्र में सक्रिय रहे। उन्होंने हॉकी के साथ सीनियर नेशनल बेसबॉल प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया था। वह एचएनबी स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी कोच के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। वर्तमान में वह योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त है।
हॉकी एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि
अजय कनवाल के निधन पर अल्मोड़ा हॉकी एसोसिएशन की ओर से रविवार को शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
शोकसभा में हॉकी एसोसिएशन के सचिव पंकज टम्टा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दीपक वर्मा, किशन खोलिया, संजय गुरुरानी, गणेश शाही, राजेंद्र बिष्ट, चन्देश उपाध्याय, रितेश गुरन, सुंदर जीना, खजान गुरुरानी, आशीष, ललित वर्मा, राजेश बोरा, अंकित साह, रितेश वर्मा, भूपाल चिलवाल और गोकुल शाही सहित अन्य लोग मौजूद रहे।#Almora #AlmoraNews #UttarakhandNews #AjayKanwal #Hockey #Baseball #SportsNews #BikeAccident
