अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित राज्य स्थापना दिवस सम्मेलनों के तहत रविवार को हवालबाग मंडल के स्यालीधार शक्ति केंद्र की बैठक खत्याड़ी रामलीला मैदान में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
इस दौरान बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 13 से 15 नवंबर तक अल्मोड़ा सांगठनिक जिले के सभी 15 मंडलों के 120 शक्ति केंद्रों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य उत्तराखंड राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष, पृथक राज्य के निर्माण में भाजपा की भूमिका और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 9 नवंबर 2000 को पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उनके कार्यकाल में प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा भी मिला, जिससे विकास को नई दिशा मिली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पर्यटन, कृषि, उद्यान और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कर्नाटक ने कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के गौरवशाली इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। भाजपा संगठन जिले के सभी 120 शक्ति केंद्रों के माध्यम से प्रदेश के इतिहास और विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रमेश धपोला, हरीश कनवाल, ममता कनवाल, रेखा आर्य, आनंद कनवाल, प्रताप कनवाल, मनीष बिष्ट, मदन बिष्ट, विनोद कनवाल, जमन सिंह बिष्ट, पूरन रावत, मुन्नी रावत, शैलेन्द्र साह, हरीश रावत, हेम भंडारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
