अल्मोड़ा। दीपावली के अवसर पर केयरविल फाउंडेशन की ओर से ढुंगाधारा स्थित कुष्ठ पुनर्वास केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन के सदस्यों ने केंद्र में रह रहे लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली का पर्व मनाया और उन्हें त्योहार की खुशियों में शामिल किया। इस दौरान सदस्यों ने भोजन सेवा का आयोजन किया।
सभी ने एक साथ भोजन किया और पटाखे जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया। साथ ही एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का अवसर भी है।
त्योहार की सार्थकता तभी है, जब जरूरतमंद और वंचित लोग भी इसकी खुशियों का हिस्सा बनें। इसी भावना के साथ फाउंडेशन की ओर से यह पहल की गई, ताकि सभी के जीवन में अपनेपन और खुशियों का उजाला पहुंच सके।
